नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली के अलग-अलग 50 स्थानों पर दिल्ली की जनता को स्वच्छ पेयजल देने में पूरी तरह से फेल केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में प्लेकार्ड लिए युवा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए कि, ‘हमें स्वच्छ पानी चाहिए, पानी पर राजनीति बंद करो, केजरीवाल शर्म करो, शर्म करो।’
आईटीओ फुटओवर ब्रिज पर केजरीवाल सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि देश व दुनिया में दिल्ली का नाम खराब हो रहा है। जहां कहीं भी लोग इस बात को सुन रहे हैं कि देश की राजधानी दिल्ली में मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार जनता को पीने का स्वच्छ पानी देने में पूरी तरह से फेल हुई है, वहां लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि फिर ऐसी सरकार सत्ता में क्यों बनी हुई है।
धौला कुआं प्लाईओवर पर प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि न कोई विजन है और न ही काम करने का कोई मन है। मुख्यमंत्री केजरीवाल को ऐसा लगता है कि वो जो करते हैं वही सही होता है और बाकी सब गलत होते हैं। मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के लिए क्या किया गया।
आज पीने का पानी लोगों के पास नहीं है तो वो ऐसी संकट की स्थिति में कहां जाएं। वायु प्रदूषण से दम घुट रहा है और पानी जहर के समान हो गया है, मुख्यमंत्री केजरीवाल ऐसी भयावह परिस्थियों के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार हैं और इसके लिए उन्हें दिल्ली की जनता से माफी मांगनी चाहिए। इस मौके पर नई िदल्ली जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा मौजूद रहे।
मूलचंद फ्लाईओवर पर केजरीवाल सरकार की नाकामियों को गिनाते हुए दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप कर अपनी अकर्मण्यता छुपाने वाले और दिल्ली की जनता के बहुमूल्य जीवन को संकट में डालने वाले मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जनता से केवल झूठ बोला है और उसके अलावा कुछ नहीं किया।
राजौरी गार्डन में प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा ने कहा कि जल ही जीवन है और जब जल ही दूषित मिलने लगे तो अंत निश्चित है। पहली बार दिल्ली की सत्ता में ऐसा मुख्यमंत्री आया है जो दिल्ली की जनता को दूषित पानी पीने से होने वाली बीमारियों की ओर धकेल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



