कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से मुकाबला करने के लिए दिल्ली सरकार कई कदम उठा रही है जिसमें उपकरणों की खरीद, ऑक्सीजन भंडारण क्षमता में वृद्धि और दवाओं का सुरक्षित भंडार करना शामिल है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में, महामारी की स्थिति और वायरस के नए स्वरूप से उत्पन्न खतरे की समीक्षा की।
शहर के अस्पतालों में 9,035 कोविड बिस्तरों में से 8,825 बिस्तर खाली
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अस्पतालों में बिस्तर भरने की दर कम है और शहर के अस्पतालों में 9,035 कोविड बिस्तरों में से 8,825 बिस्तर खाली हैं। इसके अलावा 8,424 ऑक्सीजन वाले बिस्तरों में से 97.55 प्रतिशत बिस्तर भी रिक्त हैं। दिल्ली के अस्पतालों में 2,796 आईसीयू बिस्तरों में से मात्र 1.04 प्रतिशत बिस्तर भरे हैं और 1,382 वेंटिलेटर में से 0.94 प्रतिशत वेंटिलेटर पर ही मरीज हैं।
सरकार अस्पतालों में मरीजों के लिए 37,000 बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है और 31,695 बिस्तर लगाए जा चुके हैं। बच्चों के लिए 2,328 बिस्तर हैं और 10,594 आईसीयू बिस्तरों का लक्ष्य रखा गया था जिसमें से 9,894 तैयार हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 32 प्रकार की दवाओं की खरीद के लिए एक कैबिनेट नोट सौंप दिया गया है और निविदा की प्रकिया शुरू करने के लिए मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलना बाकी है। सरकार ने 19 प्रकार के अस्पताल उपकरणों की पहचान की है जिन्हें खरीदा जाएगा और इसके लिए जीईएम पोर्टल पर निविदा आमंत्रित की गई है।


Download Android App
Download iOS App



