दिल्ली में कोरोना महामारी का कहर अब न के बराबर रह गया है इस बीच दिल्ली सरकार ने एक बार फिर स्कूलों को खोलने का फैसला किया है। दूसरी तरफ कोरोना की तीसरी लहर के आने की संभावना के मद्देनजर सरकार सतर्क है। इसलिए दिल्ली सरकार ने निजी सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे एक सितंबर से कक्षा नौंवीं से 12वीं के लिए स्कूलों को फिर से खुलने से पहले अपने शिक्षकों और कर्मचारियों का टीकाकरण कराएं।
दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया। यहां कोविड-19 की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार के बाद, दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि कक्षा नौंवीं से 12वीं तक के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान एक सितंबर से फिर से खुलेंगे। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में यह फैसला लिया गया। डीडीएमए द्वारा गठित एक समिति ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की सिफारिश की गई थी।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि छोटी कक्षाओं के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। साथ ही कहा कि वरिष्ठ कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से खोलने के प्रभाव का विश्लेषण करने के बाद इस संबंध में फैसला किया जाएगा।हालांकि, सूत्रों ने संकेत दिया है कि छठी से आठवीं कक्षा के लिए स्कूलों को आठ सितंबर से फिर से खोला जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



