दिल्ली में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव और लंबा जाम

Summary :

Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़कर गिर पड़े और प्रमुख मार्गों पर घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। सबसे अधिक असर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुकमीरपुर इलाके में देखने को मिला, जहां 24 घंटे के दौरान 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 72.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। तुकमीरपुर के…

Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़कर गिर पड़े और प्रमुख मार्गों पर घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। सबसे अधिक असर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुकमीरपुर इलाके में देखने को मिला, जहां 24 घंटे के दौरान 160 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 72.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तुकमीरपुर के अलावा मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, मेहरौली में 86 मिमी, पूसा और लोदी रोड एडब्ल्यूएस में 83-83 मिमी, लोदी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी तथा छतरपुर में 72 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पालम और नारायणा में 63-63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, आयानगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में छह मिमी वर्षा हुई।

इन इलाकों में जलभराव से हुई समस्या

लगातार कई घंटों तक हुई बारिश से विकास मार्ग, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार, द्वारका और पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। जंगपुरा के कई हिस्सों में लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन चालक जलमग्न सड़कों पर अपने वाहन धक्का देकर निकालते नजर आए।

दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। इनमें एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास और दूसरा राष्ट्रीय हृदय संस्थान के बाहर सड़क पर गिरा। लोगों ने जलभराव और ट्रैफिक जाम से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत और निकासी कार्य में जुटी रहीं। अधिकारियों का दावा है कि भारी बारिश के बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों पर स्थिति नियंत्रण में है।

न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने, मध्यम से भारी बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य भारत से उत्तर की ओर खिसका कम दबाव का क्षेत्र फिलहाल हिमालय की तराई के पास सक्रिय है।

इसके प्रभाव से दिल्ली में व्यापक बारिश जारी रह सकती है। प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : एम्स झज्जर में इलाज करा रहे दिल्ली के कैंसर मरीजों को नहीं मिल रही आरोग्य कोष की मदद

Avinay