Delhi : फर्जी पोलिश रेजिडेंस परमिट के सहारे स्पेन जाने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। स्पेन पहुंचने पर वहां के इमिग्रेशन अधिकारियों ने दस्तावेज फर्जी पाए और उसे देश में प्रवेश देने से मना कर दिया।
इसके बाद उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। अब आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी 22 वर्षीय रवि 3 जुलाई को कतर एयरवेज की फ्लाइट क्यूआर-571 से दिल्ली से स्पेन के मैड्रिड के लिए रवाना हुआ था।
“इन-एडमिसिबल” यात्री कर दिया गया घोषित
उसने यात्रा के दौरान पोलैंड का रेजिडेंस परमिट दिखाया था। मैड्रिड एयरपोर्ट पर जांच के दौरान इमिग्रेशन अधिकारियों को यह रेजिडेंस परमिट फर्जी मिला। इसके बाद रवि को स्पेन में प्रवेश नहीं दिया गया और उसे “इन-एडमिसिबल” यात्री घोषित कर दिया गया। 6-7 जुलाई की रात उसे कतर एयरवेज की फ्लाइट क्यूआर-578 से वापस दिल्ली भेजा गया।
आईजीआई एयरपोर्ट पर एयरलाइन कर्मचारियों ने उसे डिपोर्टी सेल के हवाले कर दिया। जांच में पता चला कि उसने भारत से ही फर्जी पोलिश रेजिडेंस परमिट के आधार पर यात्रा की थी। हालांकि, मूल फर्जी दस्तावेज मैड्रिड के इमिग्रेशन अधिकारियों ने जब्त कर लिया था और दिल्ली पुलिस को उसकी केवल कॉपी उपलब्ध कराई गई।
प्राथमिक जांच के बाद आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि फर्जी रेजिडेंस परमिट किसने तैयार किया और इस पूरे मामले में किसी एजेंट या गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
यह भी पढ़ें : वंदे भारत ट्रेनों के यात्रियों की संख्या 83% बढ़ी, आय में भी 72% की बढ़ोतरी


Download Android App
Download iOS App




