Delhi Inter-State Bus Service: अब दिल्ली से बाहर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन के टिकट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दरअसल दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय बस सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। दरअसल दिल्ली परिवहन निगम यानी DTC जल्द ही 17 इंटर-स्टेट रूटों पर 50 नई, 12 मीटर लंबी और पर्यावरण के अनुकूल एसी बसें उतारने जा रहा है। इन बसों का संचालन एसोसिएशन ऑफ स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स की तय बेंचमार्क दरों के अनुसार किया जाएगा। इस पहल का मकसद दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच यात्रा को आसान, आरामदायक और ज्यादा व्यवस्थित बनाना है।
Delhi Inter-State Bus Service: दिल्ली-एनसीआर और आसपास के शहरों से कनेक्टिविटी होगी बेहतर
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ। पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि सरकार राजधानी और आसपास के शहरों के बीच बस नेटवर्क को मजबूत करने पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। इनमें दिल्ली-बरौत, दिल्ली-सोनीपत, दिल्ली-धारूहेड़ा और दिल्ली-पानीपत जैसे रूट शामिल हैं। इन सेवाओं से रोज सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली है।
सरकार अब इसी योजना को आगे बढ़ाते हुए कई नए रूटों पर भी बसें शुरू करने जा रही है। इससे दिल्ली से दूसरे राज्यों में आने-जाने वाले लोगों को निजी वाहनों या महंगे साधनों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
कई नए रूटों पर बस सेवा शुरू करने की तैयारी
सरकार जिन नए रूटों पर काम कर रही है, उनमें नानकसर से दिल्ली-गाजियाबाद बस टर्मिनल, दिल्ली-रेवाड़ी, दिल्ली-करनाल, दिल्ली-रोहतक, दिल्ली-अलवर और दिल्ली-जेवर जैसे महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। ये रूट ऐसे इलाकों को जोड़ेंगे जहां बड़ी संख्या में लोग नौकरी, कारोबार, पढ़ाई या रोजमर्रा के काम के लिए सफर करते हैं। नई बस सेवाएं शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि यात्रा ज्यादा आरामदायक भी होगी। एसी बसें होने की वजह से गर्मी और लंबी दूरी के सफर में लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
धार्मिक यात्राओं को भी मिलेगा लाभ
दिल्ली सरकार केवल आम यात्रियों की सुविधा तक ही सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने की योजना बना रही है। इसी सोच के तहत दिल्ली से कटरा, खाटू श्याम और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी है।
इस कदम से श्रद्धालुओं को सीधी और सस्ती यात्रा का विकल्प मिलेगा। अभी कई लोगों को इन धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए ट्रेन, निजी बस या कई बार बदल-बदल कर यात्रा करनी पड़ती है। नई बस सेवाएं शुरू होने से यह परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है।
बिहार के लिए भी बस सेवा पर जोर
दिल्ली में बड़ी संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोग रहते हैं। इन्हीं यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार अब दिल्ली और बिहार के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने की संभावना पर भी काम कर रही है। इस दिशा में दोनों राज्यों के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन यानी MoU साइन होने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर यह योजना आगे बढ़ती है, तो बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत साबित हो सकती है। खासतौर पर त्योहारों और छुट्टियों के समय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
लोगों को मिलेगी सस्ती और आरामदायक यात्रा
सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि लोगों को बेहतर, किफायती और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन मिले। 17 अंतरराज्यीय रूटों पर 50 नई पर्यावरण-अनुकूल एसी बसें शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे दिल्ली और दूसरे राज्यों के बीच सफर आसान होगा और सार्वजनिक परिवहन को भी नया बल मिलेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली आबकारी मामला, 6 अप्रैल तक टली सुनवाई, केजरीवाल और सिसोदिया को जवाब देना होगा























