दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रफ़्तार पकड़ेंगी गाड़ियां, ढाई घंटे का सफर अब 45 मिनट में होगा पूरा

Summary :

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे खुलने से अब दिल्ली से मेरठ का सफर ढाई घंटे से घटकर 45 मिनट में पूरा होगा और गाजियाबाद से मेरठ जाने में केवल 30 मिनट का ही समय लगेगा।

दिल्ली से मेरठ तक जाने वालों के लिए अब सफर बेहद आसान और जल्दी पूरा होगा। आज से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। अब दिल्ली से मेरठ का सफर ढाई घंटे से घटकर 45 मिनट में पूरा होगा और गाजियाबाद से मेरठ जाने में केवल 30 मिनट का ही समय लगेगा।
इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली मेरठ हाईवे के लंबे जाम से स्थायी रूप से छुटकारा मिल जाएगा। एक्सप्रेसवे पर कार को 100 किमी प्रतिघंटे और मालवाहक वाहनों को 80 किमी प्रतिघंटे अधिकतम की स्पीड से चलने की लिमिट होगी। दिल्ली से डासना तक यह एक्सप्रेसवे 14 लेन का है, जबकि डासना से मेरठ तक यह 6 लेन का हो जाएगा।


केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक वीडियो ट्विट करते हुए कहा, “दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे अब पूरा हो चुका है और यातायात के लिए खोल दिया गया है। हमने दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा का समय 2.5 घंटे से घटाकर 45 मिनट करने का अपना वादा पूरा किया है।” 

हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर लगेगा टोल
UP गेट से मेरठ के बीच इस एक्सप्रेसवे पर केवल मेरठ के काशी गांव में 19 बूथों का टोल प्लाजा बनाया गया है। इसके अलावा हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर कैमरे की मदद से टोल की वसूली की जाएगी। इस हाइवे पर सराय काले खां, अक्षरधाम, इंदिरापुरम, डूंडाहेड़ा, डासना, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, भोजपुर और परतापुर में चढ़ने और उतरने की सुविधा पब्लिक को मिलेगी।

Desk Team