Delhi News: आम आदमी पार्टी (आप) ने छठ महापर्व के दौरान यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को कालिंदी कुंज छठ घाट पर हवन किया। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा सरकार की विफलताओं के लिए क्षमा याचना बताया और मां यमुना, छठी मैया व सूर्य भगवान से प्रार्थना की।
Delhi News: “पूर्वांचल समाज की आस्था के साथ हुआ धोखा”
दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल समाज को गुमराह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने यमुना के गंदे और सीवर मिले पानी को साफ बताकर लोगों से छठ पूजा करवाई, जो बहुत बड़ा पाप है। इसी पाप के प्रायश्चित के लिए ‘आप’ ने हवन का आयोजन किया।

Delhi News Today: ”पर्यावरण मंत्री के बयान से सरकार की सच्चाई उजागर”
बुराड़ी विधायक संजीव झा ने कहा कि हाल ही में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने खुद स्वीकार किया है कि यमुना का पानी नहाने या आचमन करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब छठ पूजा के समय भाजपा नेता दावा कर रहे थे कि यमुना साफ है, तब यह सच क्यों छिपाया गया? संजीव झा ने कहा कि छठ पूर्वांचल समाज का सबसे पवित्र और स्वच्छता से जुड़ा पर्व है। ऐसे में गंदे पानी में आस्था निभाने के लिए लोगों को मजबूर करना बेहद दुखद है।
“गलत जानकारी से पूजा हुई अशुद्ध”
संजीव झा ने बताया कि भाजपा नेताओं के गलत प्रचार के कारण श्रद्धालुओं ने सीवर मिले पानी से आचमन किया, जिससे उनकी पूजा अशुद्ध हो गई। इसी कारण वे सूर्य भगवान और छठी मैया से क्षमा मांगने यमुना किनारे पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी कैबिनेट से अपील की कि भविष्य में आस्था से जुड़े पर्वों पर झूठ न बोला जाए।

”भाजपा नेताओं के पुराने दावे और आज का सच”
‘आप’ नेताओं ने याद दिलाया कि कुछ महीने पहले भाजपा नेताओं ने यमुना किनारे जाकर स्नान और आचमन कर यह दावा किया था कि नदी साफ हो चुकी है। लेकिन अब खुद मंत्री लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि यमुना में जाने से बीमारियां हो सकती हैं। इससे भाजपा की दोहरी नीति साफ दिखाई देती है।
“यह सिर्फ राजनीति नहीं, आस्था का सवाल है”
पूर्व विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि छठ पूजा स्वच्छता और पवित्रता का पर्व है। ऐसे पवित्र अवसर पर लोगों को गंदे पानी में अर्घ्य देने के लिए मजबूर करना बहुत गंभीर बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और भाजपा विधायकों ने पानी पीकर और दिखावा कर जनता को भ्रमित किया। इसका परिणाम यह हुआ कि कई श्रद्धालुओं का व्रत प्रभावित हुआ।

”पूर्वांचल समाज की भावनाओं को गहरी चोट”
पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा में 72 घंटे का कठिन व्रत रखा जाता है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। लेकिन भाजपा के गलत प्रचार के कारण दिल्ली में इस पवित्र पर्व की मर्यादा को ठेस पहुंची। उन्होंने कहा कि जब अब मंत्री खुद मान रहे हैं कि यमुना में सीवर का पानी है, तो साफ है कि छठ के समय जनता से झूठ बोला गया था।
”क्षमा याचना और भविष्य के लिए संकल्प”
हवन के दौरान ‘आप’ नेताओं ने सूर्य भगवान से प्रार्थना की कि भाजपा सरकार की गलतियों के कारण जो भी धार्मिक भूल हुई हो, उसके लिए क्षमा करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि आगे से किसी भी तरह के राजनीतिक भ्रम में न आएं और अपनी आस्था की रक्षा करें।
यह भी पढ़ें: CM रेखा गुप्ता ने पाप किया है! यमुना में छठ पूजा को लेकर छिड़ा सियासी विवाद, AAP ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप


Download Android App
Download iOS App




