दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों की मनमानी! फीस न भरने पर छात्रों को गेट पर रोका, नाराज पेरेंट्स ने किया प्रदर्शन

Summary :

Delhi Private Schools Fee Hike Protest: दिल्ली में निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोतरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के पहले दिन ही इस मुद्दे को लेकर निजी स्कूलों और अभिभावकों के बीच गतिरोध देखने को मिला है। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन बुधवार को फीस बढ़ोतरी के मुद्दे के चलते छात्रों व उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मयूर विहार फेस-3 स्थित सलवान पब्लिक स्कूल में बढ़ी हुई फीस जमा न करने के कारण स्कूल प्रशासन ने कई छात्रों को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया और बच्चों को वापस…

Delhi Private Schools Fee Hike Protest: दिल्ली में निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोतरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के पहले दिन ही इस मुद्दे को लेकर निजी स्कूलों और अभिभावकों के बीच गतिरोध देखने को मिला है। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन बुधवार को फीस बढ़ोतरी के मुद्दे के चलते छात्रों व उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मयूर विहार फेस-3 स्थित सलवान पब्लिक स्कूल में बढ़ी हुई फीस जमा न करने के कारण स्कूल प्रशासन ने कई छात्रों को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया और बच्चों को वापस ले जाने के लिए अभिभावकों को कॉल कर दिया जिसके चलते भारी नाराजगी जताते हुए अभिभावकों ने बवाल काटा और स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

अभिभावकों में रोष

इस दौरान अभिभावकों ने कहा कि स्कूल प्रशासन ने बढ़ी हुई फीस जमा न करने के कारण हमारे बच्चों को सत्र के पहले ही दिन स्कूल में एंट्री नहीं दी और हमें बच्चों को वापस बुलाने के लिए कॉल कर दिया। स्कूल की इस मनमानी को लेकर हमारे अंदर बहुत रोष है।

द्वारका के स्कूल में भी बवाल

इसी क्रम में द्वारका के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में भी फीस बढ़ोतरी को लेकर अभिभावकों व स्कूल प्रशासन के बीच टकराव देखने को मिला। जानकारी के अनुसार डीपीएस स्कूल में बढ़ी हुई फीस जमा न करने के चलते सुबह के समय बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया। अभिभावक राजन कुमार ने बताया कि जब वे अपने बच्चों को स्कूल लेकर गए तो स्कूल प्रशासन ने बढ़ी हुई फीस जमा करने के बाद ही बच्चे को स्कूल में एंट्री देने की बात कही। काफी देर तक स्कूल के लोगों से इस बारे में बात की गई लेकिन उन्होंने हमारी कोई बात नहीं सुनी।
वहीं द्वारका स्थित डीपीएस स्कूल के सामने अभिभावकों ने फीस बढ़ोतरी और बच्चों के नाम काटने के नोटिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इससे पहले इस मुद्दे को लेकर छात्रों एवं अभिभावकों ने गत सोमवार को शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

शिक्षा निदेशालय ने अभिभावकों को दिया आश्वासन

शिक्षा निदेशालय ने अभिभावकों को आश्वासन दिया कि कोई भी स्कूल फीस बढ़ोतरी के मुद्दे के चलते बच्चों को स्कूल में एंट्री देने से मन नहीं कर सकता। ऐसा करने वाले स्कूलों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। यहां बता दें कि दिल्ली में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ कई याचिकाएं दायर की गईं हैं।
इस मामले में सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में 30 मार्च को कहा था कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा जिन याचिकाओं के माध्यम से दिल्ली सरकार के फीस विनियम कानून को चुनौती दी गई है, उस पर अगली सुनवाई 18 अप्रैल को की जाएगी। कोर्ट का कहना था वह एक ही बार में इस मामले का निपटारा करना चाहती है।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।