शीतलहर की गिरफ्त में आई राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। यहां पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।” आर्द्रता का स्तर 86 फीसदी रहा।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द बना रह सकता है। मौसम के कारण उत्तर भारत में 21 रेलगाड़ियां अधिकतम छह घंटे की देरी से चल रही हैं। शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 365 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 1901 के बाद से अब तक दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर का महीना है। अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े चार डिग्री कम रहने पर दिन को ‘ठंडा’ माना जाता है, अधिकतम तापमान के सामान्य से कम से कम साढ़े छह डिग्री कम रहने पर दिन को ‘बेहद ठंडा’ माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



