Delhi Roopnagar Bridge Incident : देश की राजधानी दिल्ली के रूप नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब नाले पर बना करीब 60 फुट लंबा लोहे का पुल अचानक ढह गया। इस दुर्घटना में एक 50 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। पुल के गिरते समय वहां मौजूद एक महिला, जिसे स्थानीय लोग भिखारी बता रहे हैं, मलबे के साथ सीधे गहरे नाले में जा गिरी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।
NDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए NDRF, दिल्ली पुलिस और अन्य आपात एजेंसियों को मौके पर तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया है, ताकि किसी और को नुकसान न पहुंचे। फिलहाल पुल गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
सौरभ भारद्वाज ने जताया दुख
घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इससे संबंधित एक वीडियो एक्स पर शेयर की है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, दिल्ली के रूप नगर में लोहे का पल गिर गया, कुछ लोगों की जान गंवाने की बात सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे का वीडियो साझा करते हुए दुख व्यक्त किया और इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताया।
दिल्ली के रूपनगर में लोहे का पुल गिर गया । कुछ लोगों के जान गवाने की बात सामने आई है । pic.twitter.com/UMOf3ZHy9l
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) March 17, 2026
वीडियो में देखा जा सकता है, पुल ढह चुका है और लोग उसमें फंसे हुए नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ पुल का दूसरा हिस्सा है जिसमें जहां कुछ लोग खड़े हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
दिल्ली में बुनियादी ढांचे की विफलता के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। हाल ही में पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक खुला गड्ढा एक व्यक्ति की मौत का कारण बना था, जब एक मोटरसाइकिल सवार उसमें गिर गया था।
रूप नगर का यह हादसा एक बार फिर शहर के पुराने ढांचों की मजबूती और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें – Reel बनी ‘रियल’ मौत… भाई वीडियो बना रहा था और पवन ने दिल पर दाग ली गोली, कैमरे में रिकॉर्ड हुआ खौफनाक मंजर






















