नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में संपत्ति विवाद के कारण 70 साल की एक महिला की उसके बेटे और नाबालिग पोते ने हत्या कर दी । पुलिस ने गुरूवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर की है और मरने वाली महिला का नाम माया देवी था। उन्होंने बताया कि महिला के बेटे राजबीर (50) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पोते को भी पकड़ लिया गया है ।
पुलिस के अनुसार माया देवी की गला घोंट कर हत्या की गयी है । पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) अतुल ठाकुर ने बताया, ‘‘हमें बुधवार की दोपहर तीन बजकर 20 मिनट पर यह सूचना मिली कि सबोली फाटक के निकट एक महिला मृत मिली है। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।’’ जांच के दौरान यह पता चला कि माया देवी के चार बेटे हैं और बड़े बेटे राजबीर के साथ उसका संपत्ति विवाद था और वही हत्या का संदिग्ध है । ठाकुर ने बताया, ‘‘राजबीर ही एकमात्र ऐसा व्यक्ति था जो घटना के समय घर में मौजूद था । उसे हिरासत में लिया गया, शुरूआत में उसने भ्रमित करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने बेटे की मदद से हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।’’
राजबीर ने इससे पहले अपनी मां के खिलाफ संपत्ति का मामला दर्ज कराया था । घर में राजबीर जिस जगह पर रहता था, उसकी मां ने वहां की बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी क्योंकि वह चाहती थी कि राजबीर उस हिस्से को खाली कर दे । पुलिस अधिकारी ने बताया कि मिस्त्री के तौर पर काम करने वाले राजबीर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है ।


Download Android App
Download iOS App



