दिल्ली के उस्मानपुर में गिरी मकान की छत, पति-पत्नी की मौत, बेटा सुरक्षित

Summary :

दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात एक मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला की मलबे में दबकर मौत हो गई।

दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात करीब 9:45 बजे एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में मलबे में दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि बेटा बाल-बाल बचा। पुलिस के मुताबिक, दंपत्ति किराए के मकान के अंदर थे और छत गिरने से दो मिनट पहले ही बेटा कमरे से बाहर निकल गया था। इस वजह से उसकी जान बच गई।

किराए के मकान की छत गिरने से दंपति की मौत

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गोंडा के जेपी नगर में हंसराज डेयरी के पास हुआ। यहां 120 वर्ग फुट क्षेत्र में बने एक मकान की छत अचानक भर-भराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे में पति-पत्नी दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों से दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है। टिंकू हलवाई का काम करता था। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा/मैनपुरी निवासी हैं।

10 वर्षीय बेटा सुरक्षित

इस हादसे में राहत की बात ये रही कि दंपति का 10 वर्षीय बेटा सुरक्षित है, जो हादसे से महज दो मिनट मिनट पहले घर से बाहर निकल गया था। अगर वह भी उस समय कमरे में होता, तो उसकी भी जान जा सकती थी।

जांच में जुटी पुलिस

जिस मकान की छत गिरी है, वह 20 साल पुरानी बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि लगातार हुई बारिश के बाद से मकान की छत कमजोर हो गई थी और उसमें पानी और मलबा भी जम गया था। हालांकि अभी सही कारण का पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही हादसे के कारण सामने आ सकेंगे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Also Read: जलभराव को लेकर कुतुब रोड पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।