दिल्ली में बूंदाबांदी, यूपी समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें ताजा वेदर अपडेट

Summary :

अगस्त की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे भारी बारिश हो रही है। असम और ओडिशा में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

अगस्त की शुरुआत होते ही देशभर के कई राज्यों में मानसून जमकर बरस रहा है। भारी बारिश की वजह से असम और ओडिशा में बाढ़ की स्थिति है। इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी, राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ भूस्खलन की भी संभावना है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली में अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार (3 अगस्त) को राजधानी दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 4 और 5 अगस्त को भी मौसम के ऐसे ही रहने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में बारिश

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। IMD ने प्रदेश में 3 से 8 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर समेत 45 जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

गुजरात में बारिश का रेड अलर्ट

गुजरात के कुछ जिलों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने 2 अगस्त को मोरबी, सुरेंद्रनगर, राजकोट, अहमदाबाद समेत अन्य दो जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा में भारी बारिश से बाढ़

ओडिशा में भारी बारिश की वजह से बाढ़ आ गई है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। बाढ़ की वजह से फसलों को नुकसान हुआ है, घर नष्ट हो गए हैं। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।

आज आपके शहर में कितना रहेगा तापमान?

शहर (City) अधिकतम तापमान (3 अगस्त) न्यूनतम तापमान (3 अगस्त)
दिल्ली (Delhi) 32°C 24°C
चेन्नई (Chennai) 38°C 28°C
शिमला (Shimla) 22°C 17°C
पटना (Patna) 33°C 28°C
मुंबई (Mumbai) 30°C 28°C
नैनीताल (Nainital) 21°C 17°C
लखनऊ (Lucknow) 33°C 27°C
भोपाल (Bhopal) 31°C 23°C
कोलकाता (Kolkata) 35°C 27°C
रांची (Ranchi) 30°C 23°C
जयपुर (Jaipur) 31°C 25°C

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।