Delhi Vidhan Sabha Speaker Vijender Gupta: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वर्षा जल संचयन परियोजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बढ़ते जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए शहरी जल संरक्षण के लिए त्वरित और सतत कार्रवाई का आह्वान किया। यह परियोजना दिल्ली जल बोर्ड स्टोर, ईस्ट ऑफ लोनी रोड पर मंत्री कपिल मिश्रा और स्थानीय विधायक जितेंद्र महाजन की गरिमामयी उपस्थिति में शुरू की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि जो शहर अपने वर्षा जल को व्यर्थ बह जाने देता है, वह अपने भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकता। पानी की हर बूंद को सहेजना और उसे वापस धरती तक पहुंचाना आज समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण, गिरते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन के कारण दिल्ली में जल सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। अब जल संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी अनिवार्यता है।
गुप्ता ने वर्षा जल संचयन को एक सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और संस्थानों में इस तकनीक को अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान किया कि वे इस अभियान का नेतृत्व करें और समाज में जागरूकता फैलाएं। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि आज हम सक्रिय नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
विधायक जितेंद्र महाजन के प्रयासों की सराहना करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रोहतास नगर की यह पहल अन्य क्षेत्रों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल साबित होगी। वैज्ञानिक तरीके से किया गया यह प्रयास न केवल पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखेगा, बल्कि दिल्ली को जल-सुरक्षित भविष्य की ओर भी ले जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




