डेंगू : केंद्र और दिल्ली सरकार से जवाब तलब

Summary :

याचिका में दावा किया कि यह दलदल एक स्कूल के समीप है और इसलिए वहां पढ़ाई कर रहे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है।

नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट ने दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके के एक स्कूल के समीप 6 हजार स्क्वायर यार्ड में फैले दलदल (डेंगू हॉटस्पॉट) की ओर ध्यान दिलाने के बाद भी स्थानीय प्रशासन के नजर अंदाज करने पर केंद्र और दिल्ली सरकार से जवाब तलब किया है। 
चीफ जस्टिस डीएन पटेल व जस्टिस सी. हरिशंकर की बेंच ने एक एनजीओ की याचिका पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, दिल्ली सरकार और दक्षिण दिल्ली नगर निगम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। याचिका में अधिकारियों को इलाके में डेंगू और चिकुनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की है। 
एनजीओ एंटी करप्शन काउंसिल ऑफ इंडिया ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के दिल्ली सरकार के अभियानों के बावजूद उसने इस स्थान को नजरअंदाज किया। याचिका में दावा किया कि यह दलदल एक स्कूल के समीप है और इसलिए वहां पढ़ाई कर रहे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। 
याचिका के जरिए संस्था ने प्रशासन को इस दलदल को साफ कराने के निर्देश देने की मांग करते हुए दावा किया कि आस-पास के इलाकों के सीवर का पानी इसमें आकर गिरता है।

Desk Team