नई दिल्ली : केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने मंगलवार को ढोल आंदोलन के अंतर्गत चांदनी चौक की गली-मोहल्ले और दुकान पर जाकर मोदी सरकार की उपब्लिधयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक एशिया का सबसे बड़ा व्यापार केन्द्र है। यहां हर तरह की दुकानें हैं।
ज्वैलरी के लिए मशहूर दरीबा और किनारी बाजार में पैदल चलकर गोयल ने दुकानों का दौरा किया और कहा कि पूरे देश से लोग यहां पर खरीदारी करने आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह से हर वर्ग के लिए विकास के काम किए हैं। इसलिए हर मंडल में कार्यकर्ता प्रभात फेरी व गली-गली में मोदी सरकार का प्रचार करें।
गोयल ने कहा कि कांग्रेस जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा रही है कि यदि सत्ता में आए तो 72 हजार रुपए प्रति वर्ष हर गरीब परिवार को देंगे। सभी जाने-माने अर्थशास्त्री इसे काल्पनिक बता चुके हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सिद्ध कर दिया है कि वह टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ने जहां एक ओर सर्जिकल स्ट्राइक पर हमारी सेना से सबूत मांगकर उनकी वीरता का उपहास उड़ाया है।
वहीं सेना के उत्साह को कम करने के लिए सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम को कमजोर करने की घोषणा की है। केन्द्रीय राज्य मंत्री को जामा मस्जिद के पास दुकानदारों और व्यापारियों ने बताया कि वे प्रधानमंत्री की योजनाओं से संतुष्ट हैं और उनके नेतृत्व में विकास घर-घर पहुंचा है। लोगों ने यह तक बताया कि मोदी सरकार के शासनकाल में ही उन्हें पक्का घर और शौचालय मिला।


Download Android App
Download iOS App



