दिल्ली में डॉक्टरों का कैंडल मार्च, पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ जताया गुस्सा

Summary :

दिल्ली में कैंडल मार्च के जरिए पहलगाम आतंकी हमले का विरोध

पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों और स्टाफ ने कैंडल मार्च निकाला। इस मार्च में शामिल लोगों ने हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले ने हर किसी को हिलाकर रख दिया है। इस घटना को लेकर देश में गुस्से का माहौल है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर गुरुवार को पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में राम मनोहर लोहिया अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ समेत कई लोगों ने शिरकत की। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कार्यरत मेडिकल सुपरिटेंडेंट अजय शुक्ला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “पहलगाम आतंकी हमले को लेकर लोगों में बहुत गुस्सा है, क्योंकि जिनको मारा गया है, उनकी कोई गलती नहीं है। देश में अमन-चैन का माहौल है, लेकिन इस तरह की घटना निंदनीय है। मैं प्रधानमंत्री मोदी की बात से पूरी तरह सहमत हूं, जो लोग ऐसी हरकतें करते हैं, उन्हें कड़ी प्रतिक्रिया मिलनी चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा, वे सही और गलत को नहीं समझ पाएंगे।”

पहलगाम हमले के विरोध में दिल्ली में कल बंद रहेंगे 100 से अधिक बाजार

राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कार्यरत एडिशनल मेडिकल सुपरिटेंडेंट अनुज कुमार झा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में कई लोग मारे गए और वे किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े लोग नहीं थे। वे सभी लोग वहां छुट्टियां बिताने गए थे, मगर यह हमला हमारे पड़ोसी देश की सोची समझी राजनीति का हिस्सा है। इस दुख की घड़ी में हम मृतकों के परिवार के साथ खड़े हैं, इसलिए आज कैंडल मार्च में हिस्सा लिया है।

उन्होंने आगे कहा, “हमारी केंद्र सरकार से अपील है कि वह ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए, ताकि भविष्य में ऐसी कोई दूसरी घटना घटित न हो। हमें सरकार पर भरोसा है कि वह आतंकियों को सबक सिखाएगी। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने निहत्थे पर्यटकों पर गोलियां बरसाई थीं। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। दोनों अपने-अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने जम्मू-कश्मीर गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.