दिल्ली सरकार ने सड़कों पर गाड़ियों की भीड़ और प्रदूषण घटाने पर केंद्रित 12 दिन की सम-विषम योजना के दौरान अपने कार्यालयों का समय आगे-पीछे करने का शुक्रवार को निर्णय लिया। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में निजी कार्यालय सरकार के इस आदेश के अंतर्गत नहीं आएंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘ कार्यालयों का समय आगे -पीछे करने का यह पहला परीक्षण है। निजी कार्यालय इसमें शामिल नहीं हैं लेकिन अगली बार हम निजी कार्यालयों पर भी इसे लागू करने पर विचार करेंगे।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि औसतन करीब 75 फीसदी सरकारी कार्यालय सुबह साढ़े नौ बजे खुलते हैं और शाम छह बजे बंद हो जाते हैं जबकि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बाकी कार्यालय सुबह नौ बजे खुलते हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार कुल 42 सरकारी कार्यालयों का समय आगे पीछे कर दिया गया है, 21 सरकारी कार्यालय सुबह साढ़े दस बजे खुलेंगे और सात बजे बंद होंगे जबकि बाकी सुबह साढ़े नौ बजे खुलेंगे और छह बजे बंद होंगे।
इस सरकारी आदेश के अनुसार नयी समय सारिणी चार से 15 नवंबर के बीच सम-विषम योजना के दौरान लागू रहेगी।
दिल्ली नगर निगम, परिवहन, शिक्षा निदेशालय, उच्च शिक्षा, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण, राज्य चुनाव आयोग, सूचना एवं प्रचार, आबकारी एवं शहरी विकास जैसे विभाग सुबह साढ़े दस बजे खुलेंगे।
परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘ वायु प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार का एक दूसरा कदम। आईटीओ, सिविल लाइंस के कार्यालयों के समय को चार नवंबर से 15 नवंबर के बीच सम-विषम योजना के दौरान आगे पीछे कर दिया गया है।’’
इस साल सितंबर में केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की थी और कहा था कि दिल्ली कार्यालयों के समय को आगे -पीछे करने के उनके सुझाव को लागू करेगी।


Download Android App
Download iOS App



