E-20 Issue : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को ‘ई-20’ और शुद्ध पेट्रोल के बीच चयन करने का विकल्प दिए जाने की शनिवार को मांग की। साथ ही उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने के लिए चार अगस्त को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने की घोषणा की। यहां ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ में ई-20 ईंधन पर आयोजित एक ‘टाउन हॉल’ बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह मंगलवार दोपहर को हस्ताक्षर अभियान के तहत ज्ञापन एकत्र करेंगे और लगभग 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास की ओर मार्च का नेतृत्व करेंगे।
केजरीवाल ने मांग की कि पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को एथेनॉल मिश्रित ‘ई-20’ और नियमित पेट्रोल में से चुनने की अनुमति मिले। इसके अलावा उन्होंने ई20 पेट्रोल की कीमतों को कम करने और पेट्रोल की समग्र दरों में कटौती किये जाने की भी मांग की। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सरकार से उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया जिसका हवाला देकर दावा किया जा रहा है कि ई-20 से वाहनों को नुकसान नहीं पहुंचता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का कहना है कि अध्ययन किए जा चुके हैं और ई-20 से वाहनों को कोई नुकसान नहीं होता है। मैं चाहता हूं कि वे उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करें। इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए लोगों ने हिस्सा लिया और ई-20 के इस्तेमाल तथा वाहनों में आ रही कथित समस्याओं को लेकर अपने अनुभव और चिंताएं साझा कीं।
वहीं टाउनहॉल में कॉमेडियन श्याम रंगीला ने पीएम की मिमिक्री कर ई-20 थोपने के कारणों पर कटाक्ष किया, वहीं कई विशेषज्ञों, मैकेनिकों और आम वाहन चालकों ने ई-20 से हो रहे नुकसान की आपबीती साझा की। कार्यक्रम की शुरुआत ‘कौन बनेगा करोड़पति’ से प्रेरित एक नाटक के जरिए हुई, जिसमें युवाओं ने तर्कसंगत तरीके से समझाया कि ई-20 पुरानी गाड़ियों के लिए नुकसानदेह है और इससे केवल सरकार व तेल कंपनियों को फायदा पहुंच रहा है।
सरकार से केजरीवाल की 3 मुख्य मांगें
1. पेट्रोल पंपों पर विकल्प : देश के हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल और ई-20 दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए।
2. कीमत में अंतर: ई-20 ईंधन को शुद्ध पेट्रोल से सस्ता बेचा जाना चाहिए।
3. कीमतों में कटौती: पेट्रोल के दाम 84 रुपए प्रति लीटर से कम किए जाने चाहिए।
ट्रम्प को खुश करने के लिए थोपा जा रहा इथेनॉल : केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका और ट्रम्प को खुश करने के लिए देश की जनता पर जबरन ई-20 थोप रही है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक ट्रेड डील हुई है, जिसके तहत अमेरिका से इथेनॉल आयात किया जा रहा है। आरोप है कि पिछले वर्ष भारत ने अमेरिका से 1 बिलियन लीटर इथेनॉल आयात किया था। इस वर्ष ई-20 लागू होने के बाद अमेरिका से 5 गुना अधिक (5 बिलियन लीटर) इथेनॉल आयात किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि जब तक देश में ई-100 (100 फीसदी इथेनॉल अनुकूल) गाड़ियां बननी शुरू न हो जाएं, लोग पेट्रोल या डीजल वाहन न खरीदें।
ई-20 के खिलाफ आई 2 लाख पीटिशन लेकर पीएम से मिलने जाऊंगा :केजरीवाल
केजरीवाल ने ऐलान किया कि वह 4 अगस्त को ई-20 के खिलाफ देश के लोगों से ऑनलाइन मिली पीटिशन को लेकर पीएम से मिलने उनके घर जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे 100 लोगों के साथ पीएम से मिलने के लिए निकलूंगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मेरे साथ पीएम के घर वहीं लोग चलें, जिन्हें डंडे और जेल जाने से डर नहीं लगता है। साथ ही उम्मीद जताई कि नेता विपक्ष को जहां तक जाने दिया था, उन्हें भी वहां तक जाने दिया जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




