Mumbai-Delhi Drug corridor Busted : राजधानी का हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों के निशाने पर था, लेकिन इस बार दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट की मुस्तैदी ने पूरे नेटवर्क की बड़ी खेप पकड़ ली। रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.288 किलोग्राम कमर्शियल मात्रा की कोकीन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिकांसो जेम्स (43) और हैप्पीनेस ओकोये (41), दोनों नाइजीरियाई नागरिकों के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को एसीपी राजेश कुमार की देखरेख में स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर चंचल सिंह और एसएचओ हजरत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन शंभू नाथ, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल सुखपाल, महिला कांस्टेबल पूजा, कांस्टेबल योगेश कांस्टेबल पवन की टीम ने पकड़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह केवल ड्रग बरामदगी का मामला नहीं, बल्कि मुंबई से दिल्ली-एनसीआर तक सक्रिय अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं। 31 जुलाई को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर विशेष चेकिंग के दौरान रेलवे पुलिस को दो विदेशी महिलाएं संदिग्ध हालत में दिखाई दीं।
पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद तलाशी ली गई तो एक महिला के सामान से 11 पैकेट कोकीन बरामद हुई। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम को बुलाया गया, जिन्होंने बरामद पदार्थ को कोकीन होने की पुष्टि की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लंबे समय से हो रही थी दिल्ली-एनसीआर में कोकीन की सप्लाई
पूछताछ में मुख्य आरोपी चिकांसो जेम्स ने खुलासा किया कि कोकीन की खेप विकासपुरी क्षेत्र से प्राप्त की गई थी। इसके बाद पुलिस अब दिल्ली में मौजूद सप्लायर, रिसीवर और पूरे ड्रग नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। आरोपियों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए हैं। अदालत से चिकांसो जेम्स का पुलिस रिमांड लिया गया है, जबकि दूसरी आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से रेलवे मार्ग का इस्तेमाल कर दिल्ली-एनसीआर में कोकीन की सप्लाई कर रहा था। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि इस नेटवर्क से जुड़े भारतीय सहयोगी कौन हैं, पैसों का लेन-देन किस माध्यम से हो रहा था और इसके तार किन अन्य राज्यों तथा विदेशी नागरिकों से जुड़े हैं। रेलवे जिला पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में बड़ी मात्रा में ड्रग्स की सप्लाई होने से रोकी गई है और जल्द ही पूरे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




