Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने स्नातक (यूजी) दाखिले से अब तक वंचित रह गए छात्रों के लिए एक और अवसर दिया है। विश्वविद्यालय ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस)-यूजी 2026 के तहत मिड-एंट्री राउंड का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत वे छात्र भी दाखिला प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो पहले चरण में पंजीकरण नहीं करा पाए थे या पंजीकरण कराने के बावजूद आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके।
3 से 5 अगस्त तक होगा मिड-एंट्री पंजीकरण
डीयू के अनुसार, मिड-एंट्री के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होगी और 5 अगस्त रात 12 बजे तक चलेगी। इस दौरान पात्र उम्मीदवारों को सीएसएएस-यूजी पोर्टल पर आवेदन करने का अवसर मिलेगा। मिड-एंट्री के लिए उम्मीदवारों को 1,000 रुपये की गैर-वापसी योग्य पंजीकरण फीस जमा करनी होगी।
प्रोफाइल और विषय मैपिंग में सुधार का मौका
मिड-एंट्री प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को करेक्शन की सुविधा भी दी जाएगी। इसके जरिए वे अपने व्यक्तिगत विवरण में जरूरी बदलाव कर सकेंगे। साथ ही, आवश्यकता होने पर विषय मैपिंग से संबंधित जानकारी में भी संशोधन किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित समय सीमा में ही ये बदलाव किए जा सकेंगे।
8 अगस्त को जारी होगा तीसरे राउंड का सीट आवंटन
मिड-एंट्री के बाद डीयू तीसरे राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के अनुसार, तीसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट सूची 8 अगस्त को जारी की जाएगी। इस राउंड में सीट आवंटित होने वाले उम्मीदवारों को 8 से 11 अगस्त रात 12 बजे तक आवंटित सीट को स्वीकार करना होगा। इसके बाद कॉलेज स्तर पर प्रवेश की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



Download Android App
Download iOS App




