आखिर क्यों खास है आंध्र प्रदेश का भोगपुरम एयरपोर्ट? PM मोदी ने किया उद्घाटन, जानिए इसकी बड़ी खूबियां

Summary :

Bhogapuram Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। 17 अगस्त से यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी। पहले चरण में इसकी क्षमता 60 लाख यात्रियों की होगी। सरकार का दावा है कि इससे उत्तरी आंध्र में उद्योग, रोजगार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Bhogapuram Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी  शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एयरपोर्ट को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आंध्र प्रदेश सरकार के अनुसार,  यह परियोजना उत्तरी आंध्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी। एयरपोर्ट का निर्माण GMR ग्रुप ने किया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के सम्मान में रखा गया है। उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के महान नायकों के नाम पर सार्वजनिक संस्थानों का नाम रखना नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोग भी देशभक्ति और जनसेवा की भावना से जुड़ेंगे।

पहले चरण में 60 लाख यात्रियों की क्षमता

बता दें कि एयरपोर्ट के पहले चरण को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां से हर साल लगभग 60 लाख यात्रियों की आवाजाही हो सके। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसकी क्षमता को बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों हर साल  तक करने की योजना भी बनाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, यहां से 17 अगस्त से रेगुलर व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तरी आंध्र में उद्योगों को नई स्पीड  मिलेगी। इससे निवेश बढ़ेगा, नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और निर्यात गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा युवाओं के लिए कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे और क्षेत्र की देश-विदेश से बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

रेलवे परियोजनाओं पर भी तेजी से काम

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भोगपुरम और आसपास के क्षेत्रों को देश के प्रमुख औद्योगिक शहरों से जोड़ने के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश के रेलवे नेटवर्क का तेजी से विद्युतीकरण किया जा रहा है। साथ ही राज्य के 70 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में बनने वाले अधिकांश एयरपोर्ट का नाम एक ही परिवार के नाम पर रखा जाता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा  सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए देश के महान संतों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब के एक एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया। इसी सोच के तहत भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।

सरकार का मानना है कि नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे उत्तरी आंध्र के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। बेहतर परिवहन, उद्योगों में निवेश, पर्यटन को बढ़ावा और रोजगार के नए अवसरों के साथ यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

यह भी पढ़ें: पुणे में NSA अजित डोभाल को मिला लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार, गृह मंत्री अमित शाह ने किया सम्मानित

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।