भोपाल : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग एक्शन मोड में आ गया है। चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों की उदासीनता की खबरों के चलते आयोग में अधिकारियों-कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में आयोग ने ग्वालियर और सिंगरौली के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को हटा दिया है।
दोनों अधिकारियों के खिलाफ चुनाव संबंधी शिकायतें मिली थीं। जानकारी के मुताबिक चुनाव आयोग ने शिकायत मिलने के बाद इंदौर, रीवा, सतना, कटनी और भोपाल के बाबुओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि काफी दिनों से परिवहन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को लेकर शिकायतें हुई थी। इनका परीक्षण के बाद आयोग के निर्देश पर ग्वालियर के आरटीओ एमपी सिंह और सिंगरौली के आरटीओ एसपी दुबे को मैदानी पदस्थापना से हटाकर मुख्यालय में अटैच कर दिया है।
वहीं इंदौर परिवहन कार्यालय के बाबू आरडी माहोर, विष्णु राय और धर्मेंद्र डावोर को हटा दिया। राजधानी भोपाल में रूपा चौपड़ा, सतना में शिवेंद्र सिंह, कटनी में जितेंद्र सिंह और रीवा में ललित शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि राजगढ़ में एसपी और भिंड में कलेक्टर के तबादले के बाद अब सतना जिला कलेक्टर को बदला गया है। सतना कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला का तबादला कर अपर सचिव मप्र शासन पदस्थ किया गया है। वर्ष 2005 बैच के आईएएस अधिकारी राहुल जैन सतना के नए कलेक्टर होंगे।
वर्तमान में राहुल जैन, नगर एवं ग्राम निवेश के संचालक के रूप में पदस्थ थे। उल्लेखनीय है कि सतना कलेक्टर के संबंध में चुनाव आयोग को शिकायतें मिल रही थीं। उन पर जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का आरोप भी लगा था। इसके अलावा नगरीय प्रशासन आयुक्त गुलशन बामरा को अन्य दायित्व भी दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



