दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि शहर की सरकार 7 से 29 अक्टूबर के बीच धूल रोधी अभियान चलाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार धूल नियंत्रण मानदंडों की निगरानी के लिए गुरुवार को एक ‘वेब पोर्टल’ भी शुरू करेगी और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की 17 तथा ‘ग्रीन मार्शल’ की 14 टीमों सहित कुल 31 टीमों का गठन किया गया है।
दिल्ली सरकार ने इससे पहले धूल संबंधी प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निर्माण और ढांचे ध्वस्त करने वाली एजेंसियों की खातिर 14 सूत्री दिशा-निर्देश जारी किए थे। राय ने कहा, ‘‘मानदंडों का उल्लंघन करने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। अगर वे दो दिन में नोटिस का जवाब नहीं देते, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
इन 14 सूत्री दिशा-निर्देशों के तहत निर्माण स्थलों को टिन की चादरों का उपयोग कर चारों ओर से ढकना आवश्यक है। इसके अलावा 20 हजार वर्ग मीटर से अधिक बड़े निर्माण स्थल पर ‘एंटी-स्मॉग गन’ तैनात करना जरूरी है। निर्माण सामग्री लाने वाले वाहनों का भी पूरी तरह ढंका होना जरूरी है। इसके अलावा खुले में पत्थर काटने की भी अनुमति नहीं होगी।


Download Android App
Download iOS App



