देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले किसानों का आंदोलन जारी है। केंद्र सरकार द्वारा लागू तीन नये कृषि कानूनों को रद्द करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों की अगुवाई कर रहे यूनियनों के नेता ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ तरुण भारद्वाज ने बताया कि नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान गुरुवार को ट्रैक्टर रैली निकालेंगे।
उन्होंने बताया कि किसान कल चिल्ला से ट्रैक्टर रैली निकालते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरना स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं दलित प्रेरणा स्थल पर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति का धरना भी जारी है।

धरने पर बैठे यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की मांग मानते हुए किसान विरोधी बिलों को वापस लेना चाहिए। किसान नेताओं ने बताया कि सात जनवरी को होने वाला ट्रैक्टर मार्च 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड का एक ट्रेलर होगा। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर किसान संगठनों द्वारा ट्रैक्टर रैली की योजना को ध्यान में रखते हुए, गुरुग्राम पुलिस ने पहले ही केएमपी और सीमा क्षेत्रों पर अपनी सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है।
किसानों की मांगों को लेकर सोमवार को सरकार के साथ सातवें दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद किसान यूनियनों के नेताओं ने सात जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकालने का फैसला लिया। हालांकि, इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने वार्ता विफल होने पर छह जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया था, लेकिन मौसम खराब रहने के पूवार्नुमान को देखते हुए ट्रैक्टर मार्च का कार्यक्रम एक दिन बाद सात मार्च को रखने का निर्णय लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



