उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ अमानवीय कृत्य को लेकर पीड़ित परिवार से 5 अक्टूबर को मिलने गए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली की कोंडली विधानसभा सीट से विधायक कुलदीप कुमार महज पांच दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। फिर भी उसके बाद वह पीड़ित परिवार से मिलने के लिए हाथरस गए थे। इस बात की जानकारी हाथरस के पुलिस अधीक्षक ने दी है।
बता दें कि कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बावजूद कुलदीप ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात की कई तस्वीरें और वीडियो भी बनाए, जिनको उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है। आप विधायक कुलदीप ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की पुष्टि करते हुए कहा, “हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलकर लौटा हूं। परिवार में डर पैदा किया जा रहा है। ये लोकतंत्र और संविधान की हत्या है।”
हैरानी की बात यह है कि 29 सितंबर को कुलदीप कुमार ने अपने कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना सार्वजनिक की थी। आप विधायक ने 29 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा था, “पिछले दो दिनों से मुझे हल्का बुखार होने की वजह से मैंने कोविड-19 टेस्ट कराया। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद मैं घर पर होम आइसोलेशन में रहूंगा। जो भी साथी पिछले 2-3 दिनों में मुझसे मिले हैं, वे अपना टेस्ट जरूर करा लें।” होम आइसोलेशन में रहने का दावा कर रहे विधायक कुलदीप से जब कोरोना पॉजिटिव होने के बारे में जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने जवाब नहीं दिया।


Download Android App
Download iOS App



