जंतर-मंतर पर हाथरस की बेटी के समर्थन में जुटे प्रदर्शनकारियों पर होगी FIR

Summary :

उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप मामले में आरोपियों को कठोर सजा देने की मांग को लेकर बीते 24 घंटे में दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने आदेशों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप मामले में आरोपियों को कठोर सजा देने की मांग को लेकर बीते 24 घंटे में दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने आदेशों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को सजा देने की मांग लेकर शुक्रवार शाम सैकड़ों सिविल छात्र, महिलाएं, राजनेता, कार्यकर्ता और गैर सरकारी संगठन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने धारा 144 के तहत आदेशों और कोविड​​-19 को रोकने के लिए लगाए गए अन्य प्रतिबंध का उल्लंघन किया है। अधिकारी ने कहा आईपीसी की धारा 188 और महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत संसद मार्ग थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। आपको बता दें दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, भीम आर्मी के प्रमुख चंद्र शेखर आजाद, विधायक सौरभ भारद्वाज और वामपंथी नेता प्रकाश करात, सीताराम येचुरी, वृंदा करात और डी राजा इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
ऐसा बताया जा रहा है कि जंतर मंतर पर सोशल डिस्टेंसिंग नॉर्म्स की अनदेखी करते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को बिना मास्क पहने नारे लगाते देखा गया। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या को देखते हुए वे लगातार उनसे अपने मास्क रखने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए कह रहे थे।

Desk Team