नई दिल्ली : चांदनी चौक इलाके में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर चांदनी चौक के भागीरथ पैलेस में एक इलेक्ट्रॉनिक आइटम के गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल की 15 गाड़ियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। मगर तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपए का माल जलकर खाक हो गया। गनीमत की बात रही की हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। देर शाम तक दमकलकर्मी कूलिंग के लिए रुक रुककर पानी डालते रहे।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस आशंका जता रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हादसे की साइंटिफिकली जांच के लिए क्राइम टीम ने मौके से कुछ सैंपल उठाए हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक आग दोपहर करीब 12 बजे भागीरथ पैलेस सोना बाजार में चार मंजिला इमारत संख्या- 2118 में तीसरी व चौथी मंजिल पर लगी थी। दोनों मंजिलों पर इलेक्ट्रॉनिक आइटम का गोदाम था। सूचना मिलते ही दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने एहतियात तौर पर आस-पास की इमारतों को तुरंत खाली करा लिया। रस्सी बांधकर लोगों को आगे जाने से रोक दिया।
दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर फिर भी आग रुक-रुककर धधकती रही। घटना स्थल से उठ रहे काले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतें होने लगी। उधर, मौके पर डटे दमकल कर्मी देर शाम तक भी पानी डालकर कूलिंग का काम करते रहे। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि कुछ दिनों पूर्व भी चांदनी चौक में सोने के स्क्रैप के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर एक कारीगर की दर्दनाक मौत हो गई थी।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



