पश्चिमी दिल्ली : बाहरी उत्तरी जिले के समयपुर बादली स्थित सिरसपुर इलाके में रविवार सुबह एक टायर और रबर गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही लोकल पुलिस व दमकल विभाग की करीब 25 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, वहीं घटना में लाखों का माल जल कर राख हो गया। बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी गौरव शर्मा के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
शुुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग शॉट सर्किट के कारण लगी होगी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस व दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 7.34 बजे सूचना मिली कि सिरसपुर स्थित एक 500 गज के गोदाम में आग लग गई है। गोदाम टायर और रबर का है।
सूचना मिलते ही एक-एक कर दमकल की करीब 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल विभाग ने करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टायर और रबर होने के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



