दिल्ली की एक अदालत ने वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में एयर मार्शल (अवकाश प्राप्त) जे. एस. गुजराल को आज जमानत दे दी। इस संबंध में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस. पी. त्यागी और अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज है।
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार ने समन मिलने के बाद अदालत में उपस्थित हुए गुजराल को दो लाख रुपये के निजी मुचलके और दो लाख रुपये की जमानत राशि पर जमानत दे दी।
सितंबर में अदालत की ओर से जारी समन पर त्यागी और अन्य लोग भी अदालत में न्यायाधीश के समक्ष उपस्थित हुए। ये लोग फिलहाल जमानत पर हैं। अदालत ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि आरोपपत्र और संबंधित सभी दस्तावेजों की प्रति आरोपी को सौंपी जाए।
मामले में अगली सुनवाई अब 30 मई को होगी। विशेष अदालत ने 19 सितंबर को गुजराल, त्यागी, उनके रिश्तेदार संजीव उर्फ जूली और वकील गौतम खेतान को समन जारी किया था।
वकील पी. के. दुबे ने खेतान की ओर से अर्जी देकर उनके अगले महीने विदेश जाने की अनुमति मांगी। अदालत इस आवेदन पर 22 दिसंबर को विचार करेगी।
सीबीआई ने 3,500 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में रिश्वत लेने के मामले में एक सितंबर को वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस. पी. त्यागी, गुजराल और आठ अन्य लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



