नई दिल्ली : केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली में स्थापित किए गए मोहल्ला क्लीनिकों की प्रशंसा देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो रही है। आप सरकार की इस नई शुरुआत को देखने के लिए विदेशों के कई नेता और सेलिब्रिटी दिल्ली आ चुके हैं। इस कड़ी में सोमवार को एप्पल और पेप्सी के पूर्व सीईओ जॉन स्किली ने अपनी पत्नी मिस स्किली के साथ कमला नगर के मोहल्ला क्लीनिक का दौरा किया।
जॉन मोहल्ला क्लीनिक को देखकर काफी अंचभित हुए कि इतनी अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं यहां उपलब्ध हैं। उनका कहना था कि एक छोटे से क्लीनिक में डॉक्टर के अलावा दवाई और जांच के सभी उपकरण भी मौजूद हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कामकाज की खूब सराहना की। बता दें कि एप्पल और पेप्सी के पूर्व सीईओ जॉन स्किली अपनी पत्नी के साथ एक स्वयंसेवी संगठन के माध्यम से सोमवार सुबह सबसे पहले कमला नगर स्थित मोहल्ला क्लीनिक को देखने पहुंचे।
वहां उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को देखा और वहां तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों से बातचीत की, जिससे वह काफी प्रभावित हुए। उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक में उपलब्ध सुविधाओं की काफी तारीफ की। मोहल्ला क्लीनिक देखने के बाद वह सीधे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार के कामों की तारीफ की।


Download Android App
Download iOS App



