Vadodara News/वसीम सैफी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में न्यू मकरपुरा समेत प्रमुख स्टेशनों से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के पूरी तरह परिचालन में आने के साथ गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों, बंदरगाहों और देश के अन्य हिस्सों के बीच माल की आवाजाही तेज होगी।
न्यू मकरपुरा से शुरू हुई माल ढुलाई सेवा गुजरात के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इस कॉरिडोर पर डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेनों के संचालन से एक ही बार में बड़ी मात्रा में माल का परिवहन किया जा सकेगा। इससे माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने के साथ परिवहन में लगने वाला समय भी कम होगा।
माल ढुलाई के लिए डेडिकेटेड रूट
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर मालगाड़ियों के लिए अलग रेल ट्रैक होने से यात्री ट्रेनों के साथ परिचालन का दबाव कम होगा। इससे मालगाड़ियों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा। अभी मालगाड़ी को 100 किलोमीटर का सफर तय करने में जितना वक्त लगता था, अब घटकर आधे से भी कम रह जाएगा। सीजन के फल जो खराब होने के डर की वजह से आगे नहीं पहुंच पाते थे, अब उनकी भी सप्लाई होगी। इस तरह न्यू मकरपुरा अब गुजरात के औद्योगिक और निर्यात-आयात कारोबार के लिए एक महत्वपूर्ण फ्रेट और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में अपनी भूमिका मजबूत करेगा। इसे सिर्फ कारोबारी ही नहीं बल्कि किसान और आदिवासी समाज के लोगों को भी काफी फायदा होगा।
डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन में 250 ट्रक के बराबर का माल
पहले जहां माल ढोने वाली ट्रेन की क्षमता 90 कंटेनर ले जाने की थी, वहीं इसकी क्षमता को बढ़ाने पर भी काम किया गया। डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन एक बार में 250 ट्रक के बराबर का माल ले जाने में सक्षम है। डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेनों के संचालन से सड़क मार्ग से होने वाली माल ढुलाई में कमी आने से ट्रकों का दबाव और ईंधन की खपत में कमी आएगी।


Download Android App
Download iOS App




