नई दिल्ली : इस बार न तो मोदी की सरकार बन रही है और न ही राहुल की। इस बार केंद्र में खिचड़ी बन रही है। ऐसे में दिल्ली के लोग तय करेंगे कि केंद्र में किसकी सरकार बनेगी। यह कहना है दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का। सोमवार को रजोकरी गांव में यूजीआर का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि सातों सीटें मिल गईं तो मोदी जी के अलावा जो भी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देगा, उसी को केंद्र में सरकार बनाने में समर्थन दे देंगे।
उनका दावा है कि अगर सातों सीट मिल गई तो पांच महीने में पूर्ण राज्य का दर्जा मिल जाएगा। इतिहास और भगवान सबको एक मौका देता है। इस बार दिल्ली वालों को भी मौका मिला है। अगर उन्हें सातों सीटें मिल गई तो एलजी उपर से नहीं आएगा, जो तानाशाह हो और दिल्ली का काम रोकता हो। देश में 70 साल पहले जनतंत्र आ गया, लेकिन दिल्ली में अभी तक जनतंत्र नहीं है, क्योंकि दिल्ली में चुनी हुई सरकार की सारी फाइलें केंद्र सरकार के पास जाती हैं।
पुलिस, डीडीए और एंटी करप्शन विभाग केंद्र सरकार के पास है। 70 साल से दिल्ली के लोग पूर्ण राज्य की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा वाले चुनाव से पहले तो वादा करते हैं, लेकिन चुनाव जीत कर धोखा देते हैं। उन्होंने बताया कि 58 लाख लीटर क्षमता की बनने वाली यूजीआर से रजोकरी गांव, यवंतिका कॉलोनी, हरिजन बस्ती पूर्वी और पश्चिमी, विश्वकर्मा कॉलोनी, रामदेव डेरा कॉलोनी, शेरा कॉलोनी और चमेली डेरा कॉलोनी के करीब 45000 घरों को फायदा होगा।
राघव को जिताएं
इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने दक्षिणी दिल्ली लोकसभा से आप प्रभारी राघव चड्ढा को जिताने की अपील करते हुए कहा कि इसे जिताएंगे तो आपके सारे काम पूरे कर देंगे। इस अवसर पर राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के सातों सांसदों ने पिछले पांच साल में दिल्ली सरकार के काम रोकने के अलावा और कोई काम नहीं किया।
अगर सातों सीटें आम आदमी पार्टी को मिलती हैं तो केजरीवाल के विकास का घोड़ा चार गुणी स्पीड से दौड़ेगा। अभी तक सारे मुख्यमंत्री पानी के नाम पर केवल लोगों को ठगते थे, लेकिन केजरीवाल ने पानी दिलाया। इसके बाद भी भाजपा के गुड़े पोस्टर फाड रहे हैं।
कुछ समय पहले ही भाजपा के लोगों ने पूर्वांचल के लोगों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा और प्रांत के नाम पर उन पर अत्याचार किए। उन्हें विश्वास है कि दक्षिणी दिल्ली के लोग इस बार समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को हराएंगे।


Download Android App
Download iOS App



