नई दिल्ली : खुद को कस्टम अधिकारी बताकर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एक कपड़ा कारोबारी से सोना ठगने वाले ठग को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान करनाल हरियाणा निवासी जरनैल सिंह के रूप में की है। जरनैल सिंह ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर कारोबारी से 600 ग्राम सोना ऐंठा था। इस वारदात में उसका एक अन्य साथी भी शामिल था, जो अभी तक फरार है। जरनैल पर दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में भी ठगी का एक मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
डीसीपी रेलवे दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कपड़ा कारोबारी शमशाद हुसैन पुरानी दिल्ली इलाके में रहते हैं। वह अपने दो दस्तों के साथ पुस्तैनी सोने के गहने लेकर उन्हें गलवाने के लिए सूरत गए थे। वह अपने साथियों के साथ ऑटो लेने जा रहे थे तभी दो युवक उनके पास आए और उनके सामान की जांच शुरू कर दी। जब उन्होंने जांच का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि वे कस्टम अधिकारी हैं। इस दौरान कारोबारी के बैग से सोना बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसएचओ निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन प्रवीण कुमार की टीम को जांच का जिम्मा दिया गया।
टीम में शामिल एएसआई हरपाल सिंह, हेडकांस्टेबल रणधीर व संजय ने बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज मिलने पर बदमाशों की तस्वीर और जानकारी पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच साझा की गई। पुलिस टीम को 25 मई सूचना मिली कि सोना ठगने वाला एक आरोपी सराय काले खां की ओर आने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 40 ग्राम सोना बरामद कर लिया। फिलहाल उसका साथी राजवंत सिंह फरार है। करीब 200 ग्राम सोना उसी के पास है।


Download Android App
Download iOS App



