नई दिल्ली: दिल्ली के गांव के विकास के लिए बनाया गया दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड आवंटित कुल राशि का दस फीसदी भी खर्च नहीं कर पाया है। दिल्ली के बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि दिल्ली के गांवों का 600 करोड़ का बजट, काम हुआ सिर्फ 46 करोड़ का, मंत्री गोपाल राय मीर जाफर ढूंढने में लगे हैं। दिल्ली के गांवों के लिए तो गोपाल राय ही असली मीर जाफर हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि श्रम एवं विकास मंत्री गोपाल राय अपने विभाग पर ध्यान नहीं देते।
वह अपने क्षेत्र की जनता से भी नहीं मिलते हैं। दिल्ली सरकार ने हर गांव के विकास के लिए दो-दो करोड़ रुपये का बजट बनाया था। इसके तहत दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड को 600 करोड़ रुपये आबंटित भी किए गए थे। लेकिन दावा किया जा रहा है कि 21 दिसंबर 2017 तक महज 46 करोड़ रुपये खर्च किए गए जबकि 31 अक्टूबर 2017 तक 60 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए गए थे। वहीं इस मामले में उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह मामले की जांच करने के बाद ही कुछ बोल पाएंगे।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।


Download Android App
Download iOS App



