नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि दिल्ली सरकार 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के भारत को प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त करने की घोषणा को देखते हुए दिल्ली में प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा दो वर्ष पूर्व नान बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद भी सरकार पर्यावरण से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर लीपा-पोती करती आ रही है।
गुप्ता ने कहा कि अब इसके लिए प्रभावकारी उपाए करने की आवश्यकता है। इसके लिए दिल्ली सरकार जनता और विशेषकर प्लास्टिक फैक्ट्री मालिकों, दुकानदारों व व्यापारियों से इस दिशा में योगदान करने की अपील करे। सरकार नागरिकों में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैगों के विरुद्ध जागरूकता पैदा करे और यह सुनिश्चित करे कि उनका निर्माण और प्रयोग पूरी तरह से बंद हो जाए।
दिल्ली सरकार नागरिकों को कपड़े और जूट के बैग प्रयोग करने को प्रोत्साहित करे। नेता विपक्ष ने कहा कि पूरी दिल्ली में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैगों का धड़ल्ले से प्रयोग हो रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार ने प्रतिबंधित बैगों का स्टॉक करने वाले व उनका प्रयोग करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते प्लास्टिक बैग बनाने वाली फैक्ट्रियां बिना रोक-टोक चल रही हैं और प्रतिबंधित बैगों का खुलेआम प्रयोग हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



