Delhi News : भारतीय पाककला संस्थान (आईसीआई) के बीबीए और एमबीए पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को अब जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की डिग्री मिलेगी। इसके लिए पर्यटन मंत्रालय के अधीन संचालित आईसीआई और जेएनयू के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह व्यवस्था अगले शैक्षणिक वर्ष से लागू होगी।
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में हुआ समझौता
नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार की मौजूदगी में समझौता हुआ। जेएनयू की कुलपति प्रो. शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित और आईसीआई के निदेशक ज्ञान भूषण ने अपने-अपने संस्थानों की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय और दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। समझौते के तहत जेएनयू, आईसीआई के बीबीए ‘कुलिनरी आर्ट्स एंड फूड बिजनेस’ और एमबीए ‘कुलिनरी मैनेजमेंट’ पाठ्यक्रमों को मान्यता देगा। इन पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से डिग्री प्रदान की जाएगी।
पाककला और फूड बिजनेस में दक्ष पेशेवर होंगे तैयार
आईसीआई के इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य होटल, आतिथ्य और संबंधित उद्योगों की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप कुशल शेफ और पेशेवर तैयार करना है। इनमें विद्यार्थियों को पाककला, खाद्य व्यवसाय और प्रबंधन से जुड़े ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही ऐसे पाककला विशेषज्ञ तैयार करने पर जोर है, जो होटलों और रेस्तरां की विशिष्ट पहचान बनाने में योगदान दे सकें। इस सहयोग से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ने और देश-विदेश में रोजगार व कैंपस प्लेसमेंट की संभावनाएं बेहतर होने की उम्मीद है। यह पहल भारत के आतिथ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित पेशेवरों की बढ़ती मांग पूरी करने में भी मददगार होगी।


Download Android App
Download iOS App




