मंडोली में पटाखों का अवैध भंडार पकड़ा, 567 किलो से ज्यादा पटाखे बरामद

Summary :

  Delhi Crime News : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना इलाके में पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण का खुलासा करते हुए 567.30 किलो पटाखे और अन्य सामग्री बरामद की है। मंडोली गांव में एक मकान की पहली मंजिल पर कार्टन और बोरियों में पटाखे रखे गए थे। पुलिस ने इस मामले में पटाखा फैक्ट्री के मालिक मोहम्मद तैय्यब (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 12 अक्टूबर की रात करीब 9:05 बजे इलाके में गश्त के दौरान पुलिस टीम को मंडोली गांव में…

 

Delhi Crime News : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना इलाके में पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण का खुलासा करते हुए 567.30 किलो पटाखे और अन्य सामग्री बरामद की है। मंडोली गांव में एक मकान की पहली मंजिल पर कार्टन और बोरियों में पटाखे रखे गए थे। पुलिस ने इस मामले में पटाखा फैक्ट्री के मालिक मोहम्मद तैय्यब (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 12 अक्टूबर की रात करीब 9:05 बजे इलाके में गश्त के दौरान पुलिस टीम को मंडोली गांव में एक परिसर में पटाखे रखे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एएटीएस और हर्ष विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान गली नंबर-12 में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर भारी मात्रा में पटाखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली।

पुलिस टीम ने बरामद सामग्री का निरीक्षण कर उसका वजन किया और नियमानुसार नमूने लेकर सामान जब्त कर लिया। बरामदगी में सात शॉट वाले पटाखे, सिंगल शॉट पटाखे, रोमन कैंडल, रंगीन पटाखे और अन्य सामग्री शामिल है। कुल वजन करीब 567.30 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने मामले में 13 अक्टूबर को हर्ष विहार थाने में एफआईआर दर्ज की।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद तैय्यब उत्तर प्रदेश के लोनी देहात का रहने वाला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे कहां से लाए गए थे, इनका भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इस काम में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है।

 

 

 

Sumant Chaudhary