गुजरात के राजकोट जिले में दो अलग-अलग जगह से 39 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब जब्त करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि राजकोट शहर के कुवाडवा रोड क्षेत्र में राजकोट-अहमदाबाद राजमार्ग पर डाभी होटल के सामने गुरुवार तड़के वाहनों की तलाशी के दौरान एक ट्रक से अवैध शराब की नौ हजार 624 बोतलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बरामद शराब की कीमत 28 लाख 87 हजार 200 रुपये आंकी जा रही है।
इसी तरह एक सूचना के आधार पर राजकोट जिले के गोंडल सिटी क्षेत्र में वीरजी पार्क में बुधवार रात को अरुणभाई परमार के मकान की तलाशी ली गयी। इस दौरान अरुण भाई के मकान से अवैध शराब की दो हजार 568 बोतलें जब्त करके अरुण भाई को पकड़ लिया गया। जब्त शराब की कीमत 10 लाख 92 हजार 900 रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने मामले दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



