दिल्ली में रविवार यानी कल शाम तक गर्मी का कहर जारी रहा, लेकिन देर शाम मौसम में हुए बदलाव के तहत तेज हवाओं ने दिल्ली वालों को गर्मी से राहत पहुंचाई। मौसम में हुए बदलाव के साथ ही दिल्ली में बारिश शुरु होने की संभावना है। दिल्ली प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार तक दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक मौसम में हुए बदलाव के तहत आने वाले दिनों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही झमाझम बारिश हो सकती है।
बारिश का दौर रविवार देर रात से ही शुरु होने की संभावना थी। तो वहीं सोमवार और मंगलवार को भी झमाझम बारिश होने का अनुमान है। जबकि बुधवार को तेज हवाओं संग हल्की बारिश का अनुमान है। दिल्ली में सोमवार को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम वैज्ञानिक विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में रविवार शाम धूल भरी आंधी चलने के बाद सोमवार को मौसम में अचानक बदलाव आया और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद अधिकतम तापामन के 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े 8 बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 50 प्रतिशत दर्ज किया गया। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 106 रहा। एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



