नई दिल्ली : दिल्ली में खोई जमीन पाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का पूरा कैबिनेट नए सिरे से दिल्ली के राजनीतिक मैदान में उतर चुका है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली की कांग्रेस में वापसी के बाद से दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने एक-एक कर शीला सरकार के सभी मंत्रियों को एकजुट कर दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। योगानंद शास्त्री, एके वालिया, किरण वालिया, हारुन यूसुफ ने दिल्ली सरकार के खिलाफ बीते दिनों पोल-खोल अभियान चलाया था। अभी तक राजकुमार चौहान, मंगत राम सिंघल और रमाकांत गोस्वामी प्रदेश कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं।
प्रदेश कार्यालय में आज होगी अहम बैठक
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज दिल्ली कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक होनी है। जिसमें दिल्ली के सभी पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और चारों फ्रंटल के पदाधिकारी भाग लेंगे। 20 विधानसभाओं के संभावित चुनावों से पहले इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आज ही अमित मलिक को भी प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस पार्टी में ज्वाइन करवा लिया जाएगा।
निगम की कमी विधानसभा चुनाव में पूरी करेंगे लवली
दिल्ली नगर निगम चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी छोड़कर गए अरविंदर सिंह लवली की वापसी ऐसे समय में हुई जब दिल्ली 20 विधानसभा के उपचुनाव के मुहाने पर खड़ी है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि लवली जो कमी नगर निगम चुनावों में छोड़ गए थे, उसे अब आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी कर देंगे।
बंद हैं बरखा सिंह के लिए दरवाजे… अरविंदर सिंह लवली के बाद कई ऐसे नेता हैं जिन्हें लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वे सभी कांग्रेस में फिर से वापसी कर सकते हैं। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व ने पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह की कांग्रेस वापसी को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। बरखा शुक्ला सिंह को फिर से कांग्रेस में शामिल नहीं किया जाएगा, क्योंकि उन्होंने पार्टी छोड़ते वक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर पर्सनल कमेंट्स किए थे। प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन का कहना है कि कोई भी नेता मेरे लिए कुछ भी कमेंट करे मैं उसे माफ कर सकता हूं, लेकिन राहुल गांधी हमारे नेता हैं उनके खिलाफ अपशब्द बोलकर जो जाएगा, उसके लिए कांग्रेस के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हैं।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सज्जन चौधरी


Download Android App
Download iOS App



