International Film Festival: अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में रविवार को अभिनेता फिल्म निर्माता निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा,शेखर कपूर व मेधा जयशंकर ने हिस्सा लिया। आईएफएफडी 2026 सिनेएक्सचेंज सत्रों के हिस्से के रूप में शेखर कपूर, राकेश ओमप्रकाश मेहरा, सुजान सेन और मेधा जयशंकर ने एआई और सिनेमा के भविष्य पर एक आकर्षक मास्टरक्लास में अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) किस प्रकार कहानी कहने के तरीके और फिल्म निर्माण के भविष्य को नया आकार दे रही है। राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल सिनेमा से जुड़े छात्रों के लिए अच्छा अवसर है।
फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने अनुभव साझा किया
इस आयोजन में छात्रों को फिल्मों के बारे में चर्चा सुनने,चर्चा करने व इसका हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यहां फिल्म जगत से जुड़े लोग अपने अनुभव साझा कर रहे हैं, जिससे छात्रों को समझने का मौका मिल रहा है कि उन्हें इस लाइन में कैसे आगे बढ़ना चाहिए। उनके रास्ते में कौन कौन सी परेशानी आ सकती हैं, उन परेशानियों को कैसे हल करना है। वहीं जाने माने निर्माता निर्देशक शेखर कपूर ने फिल्मों के संबंध में एआई की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सिनेमा में एआई के इस्तेमाल से बहुत सारे बदलाव आ रहे हैं। इन बदलावों से फिल्में रोचक बन रही हैं। दर्शक इन फिल्मों का लुत्फ भी उठा रहे हैं। वहीं मेधा जयशंकर ने भी अपने अनुभव साझा किए।























