नई दिल्ली : राजधानी में राशन माफिया बिना किसी डर के राशन की चोरी करने में जुटे हैं, हालत यह है कि विरोध करने पर वह लोगों के साथ हाथापाई तक कर रहे हैं। ऐसा ही मामला मुुंडका में देखने में आया। दरअसल खाद्य आपूर्ति विभाग मंत्री इमरान हुसैन को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में राशन को किसी अन्य जगह पर भेजा जा रहा है।
सूचना के बाद मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह पुलिस के साथ औचक निरीक्षण करें। जांच के दौरान पाया गया कि मुंडका के गुवाड़ा में फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के गोडाउन से भारी मात्रा में राशन को अवैध तरीके से अन्य जगह पर भेजा गया। जांच में पाया गया कि 12 क्विंटल गेहूं (24 बैग) और तीन क्विंटल चावल (छह बैग) की हेरफेर की गई। मंत्री ने बताया कि राशन चोरी में हस्तक्षेप करने पर माफिया ने लोगों के साथ मारपीट तक की।
हालांकि बाद में ट्रक को पकड़ लिया गया और उसे पुलिस स्टेशन में लाया गया। मंत्री ने एसएचओ को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहना है। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है कि गरीब लोगों का राशन किसी अन्य जगह पर भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश के तहत होम डिलीवरी योजना को जल्द लागू किया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने राशन की होम डिलीवरी योजना को काफी समय पहले ही पास कर दिया है लेकिन एलजी के पास फाइल अटकी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



