झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को कहा कि यदि हम राज्य की महिलाओं को साथ लेकर आगे बढ़ते हैं तो हमें विकसित राज्य बनने से कोई भी नहीं रोक सकता। रघुवर दास ने महिला पुलिस के आठवें राष्ट्रीय सम्मेलन के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी युग में अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है।
नए-नए प्रकार के अपराधों से सुरक्षा बलों का सामना हो रहा है। हमें इसे चुनौती को अवसर के रूप में लेना है। अपने पुलिसकर्मियों को हर प्रकार से दक्ष बनाना है। रघुवर दास ने कहा कि राज्य की महिलाओं ने ठान लिया है कि अब विकास कोई रोक नहीं सकता। रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में हर क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं है। हमारे यहां सामर्थ्य है, संभावना है और संयोग है।
यदि राज्य की महिलाओं को हम साथ लेकर आगे बढ़ते हैं, तो हमारे राज्य को विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विशेष योगदान को ध्यान रखते हुए राज्य सरकार ने पुलिस बहाली में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए किया है। इसके साथ ही अलग बटालियन का गठन किया गया है।
महिला पुलिसकर्मी को सुविधा देने के लिए आधारभूत संरचना पर भी काफी काम किया गया है। कार्यक्रम में झारखंड के पुलिस महानिदेशक डीके पांडे सहित वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



