कायराना हरकत मुझे रोक नहीं सकती : जगन

Summary :

हवाईअड्डे पर प्राथमिक उपचार करने के बाद जगन हैदराबाद के विमान पर सवार हुए। यहां उतरने के बाद, वह आगे की इलाज के लिए सिटी अस्पताल गए। 

 विशाखापत्तनम हवाईअड्डे पर गुरुवार को एक युवक द्वारा किए गए चाकू से हमले में मामूली रूप से घायल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने कहा कि इस तरह की कायराना हरकत उन्हें लोगों के लिए काम करने से नहीं रोक सकती। विपक्ष के नेता ने बाद में ट्वीट कर कहा कि वह सुरक्षित हैं। हमले में उनका बायां हाथ घायल हुआ है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘जो भी मेरी सुरक्षा के लिए चिंतित हैं, मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि मैं सुरक्षित हूं। भगवान की कृपा और प्यार, आंध्र प्रदेश के लोगों के सरोकार और दुआओं ने मेरी रक्षा की।’ उन्होंने कहा, ‘इस तरह की कायराना हरकत मुझे डिगा नहीं सकती बल्कि इससे राज्य के लोगों के प्रति काम करने की मेरी प्रतिबद्धता और मजबूत होगी।’

जगन पर एक वेटर ने तब हमला किया, जब वह हैदराबाद के लिए विमान का वीआईपी लाउंज में इंतजार कर रहे थे। हमलावर को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। विशाखापत्तनम हवाईअड्डे पर प्राथमिक उपचार करने के बाद जगन हैदराबाद के विमान पर सवार हुए। यहां उतरने के बाद, वह आगे की इलाज के लिए सिटी अस्पताल गए।

Desk Team