CM केजरीवाल ने कहा- लॉकडाउन की अभी जरूरत नहीं, हालात की समीक्षा कर रहे

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यह साफ कर दिया कि राजधानी में चल रही कोविड-19 महामारी की लहर पिछली लहरों की तरह गंभीर नहीं है और इसलिए किसी भी तरह के लॉकडाउन की जरूरत नहीं है।

देश में कोरोनावायरस लगातार नए म्यूटेशन के साथ अधिक मजबूत होकर सामने आ रहा है और धीरे-धीरे पूरे देश में अपने पैर पसार रहा है। कुछ विशेषज्ञ इसे कोरोना की दूसरी लहर बता रहे है, तो कुछ इसे कोरोना का नया अवतार बोल रहे है, लेकिन यह महामारी दिल्ली समेत कई राज्यों में अपना कहर बरपा रही है। 
ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यह साफ कर दिया कि राजधानी में चल रही कोविड-19 महामारी की लहर पिछली लहरों की तरह गंभीर नहीं है और इसलिए किसी भी तरह के लॉकडाउन की जरूरत नहीं है। हम स्थिति की समीक्षा करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो इस पर बातचीत के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा। 
केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में COVID-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3,583 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों में यह वृद्धि अब चौथी लहर है। हम इसे काबू करने के हरसंभव उपाय कर रहे हैं, चिंता करने की जरूरत नहीं है।
केजरीवाल ने कहा आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पूरी तर सतर्क है और संक्रमण रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। मौतें पहले से काफी कम हो रही हैं, लोगों को अस्पताल और ICU में बहुत कम भर्ती होना पड़ रहा है। राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्थिति की समीक्षा के लिए केजरीवाल के आवास पर शुक्रवार को एक इमरजेंसी बैठक बुलाई गई थी। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
सीएम ने कहा कि हम COVID-19 टीकाकरण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। गुरुवार को दिल्ली में 71,000 लोगों को टीके लगाए गए थे। केजरीवाल ने कहा कि अब तीन महीने से कोरोना का टीका लगाया जा रहा है अब सभी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगाने की छूट दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब साइड इफेक्ट का खतरा कम हो गया है। उन्होंने कहा कि आपात बैठक में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में बेड बढ़ाने से लेकर एंबुलेंस, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर बेड बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई है। इसका प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील है कि वह मास्क पहनें और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें और कोविड का टीका जरूर लगवाएं। 

Desk Team