केजरीवाल को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए : श्याम जाजू

Summary :

श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली में दिल्ली सरकार जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और पहले प्रदूषण और अब दूषित पानी देकर जनता को दोहरी मार कर रही है।

दिल्ली में जल बोर्ड द्वारा दूषित पानी की आपूर्ति के विरोध में प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कनॉट प्लेस के पालिका बाजार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली में दिल्ली सरकार जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और पहले प्रदूषण और अब दूषित पानी देकर जनता को दोहरी मार कर रही है। 
जनता दूषित पानी को लेकर त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री उस पर भी आरोप-प्रत्यारोप कर अपनी नाकामियों को छिपाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को दिल्ली भाजपा कभी माफ नहीं करेगी। पानी के लिए हमारा संघर्ष जनता के लिए जनता द्वारा किया जा रहा है जिसका प्रतिनिधित्व दिल्ली भाजपा कर रही है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि बयानों में बार-बार पलटी मारने वाले मुख्यमंत्री केवल झूठ बोल रहे हैं। यदि वे चाहते तो बहुत पहले ही इस काम को किया जा सकता था। 
स्वच्छ वायु और स्वच्छ पानी जनता का अधिकार है और यदि वो उसे नहीं मिल रहा है। प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पानी का प्यूरीफायर लगा सकते हैं, लेकिन आम जनता का क्या करें जिसके नाम पर आम आदमी पार्टी बनी थी। जनता को हम ऐसे मुख्यमंत्री के भरोसे मरने के लिए नहीं छोड़ सकते हैं, जो कि अपना इलाज कराने के लिए तो विदेश भी जा सकते हैं, लेकिन जनता को अपने मोहल्ला क्लीनिक के भरोसे छोड़ जाते हैं। 
दिल्ली भाजपा अनुसुचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने कहा कि दूषित पानी पीने से मरीजों की संख्या दिल्ली में दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक दूषित पानी से प्रभावित दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियां हैं, जहां पीने के पानी में सीवर का पानी मिला हुआ आ रहा है।

Desk Team