नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के महामंत्री राजेश भाटिया ने राजेन्द्र नगर विधानसभा की झुग्गी बस्तियों में जाकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं से झुग्गीवासियों को अवगत कराया। झुग्गियों में रहने वालों से मिलने के बाद प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की सत्ता में आने से पूर्व जहां झुग्गी वहां पक्का मकान देने की बात राजेन्द्र नगर की झुग्गियों में रह रहे लोगों से कही थी, लेकिन अपने उस वादे को पूरा न करके आम आदमी पार्टी ने इन लोगों के साथ धोखा किया है।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के यह लोग केजरीवाल सरकार की गरीब विरोधी मानसिकता के कारण शोषण का शिकार हो रहे हैं। भाटिया ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने झूठी घोषणाओं का केवल दिखावा किया, लेकिन उन्हें पूरा कैसे किया जाएगा इस बात को लेकर गम्भीरता नहीं दिखाई है। केजरीवाल सरकार ने अपने ही नेताओं व कार्यकर्ताओं को फायदा पहुंचाने के लिए कई योजनाओं का अनावरण किया जो कि सभी विफल साबित हुई।
डोर-स्टेप डिलीवरी की योजना चलाकर दस्तावेज एकत्र करने वाले सहायकों की भर्ती के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया गया। नए स्कूल खोलने की जगह केवल कच्चे कमरों का निर्माण किया गया जिसमें आम आदमी पार्टी ने जमकर भ्रष्टाचार किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में झुग्गी वासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हम क्षेत्र की झुग्गियों में जन जागरण अभियान चलाकर लोगों को बता रहे हैं कि किस प्रकार झुग्गी के बदले पक्का मकान देने की बात करने वाले केजरीवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत मिलने वाले पक्के मकानों के लाभ से उनको वंचित रखा है।


Download Android App
Download iOS App



