राष्ट्रिय राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि अयोध्या को मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना में शामिल किया गया है जिसके तहत अब दिल्ली के सभी बुजुर्ग मुफ्त में अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर पाएंगे। सीएम केजरीवाल ने आज कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में अयोध्या को शामिल किए जाने का निर्णय लिया।
इस निर्णय के बाद दिल्ली के बुजुर्ग अन्य तीर्थ स्थानों की तरह अयोध्या भी दर्शन के लिए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वैष्णो देवी, शिरडी महाराज, रामेश्वरम, द्वारका, पूरी, हरिद्वार, मथुरा और वृंदावन समेत कई सारे तीर्थ स्थल शामिल हैं। इस योजना के तहत तीर्थ यात्रियों का आना-जाना, रहना और खाना सब खर्च दिल्ली सरकार वहन करती हैं। तीर्थ यात्रियों को एसी ट्रेन से भेजते हैं और एसी होटल में ठहराते हैं।
इसका पूरा खर्च दिल्ली सरकार वहन करती है और तीर्थ यात्रियों को अपने स्तर पर कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ता हैं। तीर्थ यात्रा के दौरान बुजुर्गों को अपने साथ अपनी देखभाल के लिए ले जाने की अनुमति है और उसका भी खर्च सरकार वहन करती है। मुख्यमंत्री ने कहा की तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 35 हजार लोगों को यात्रा करवाई गई है। कोरोना महामारी के दौरान तीर्थ यात्रा बंद थी लेकिन अब जल्द ही इस योजना को शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक महीने में दोबारा तीर्थ यात्रा योजना को शुरू की जाएगी। मैंने मंगलवार को अयोध्या यात्रा में प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि प्रभु श्रीराम मुझे क्षमता और ताकत दे कि मैं ज्यादा से ज्यादा देशवासियों को यहां लाकर उनके दर्शन करा सकूं। उन्होंने कहा कि वह सबका श्रवण कुमार बनना चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



